हरदोई / यूपी (रिपोर्ट: आशीष कुमार सिंह): उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें अब पुलिस और कानून का भी कोई खौफ नहीं रहा है। जनपद में शराब पीने से मना करने पर दबंगों ने एक फल विक्रेता के साथ पहले उसके ठेले पर मारपीट की और जब पीड़ित शिकायत करने कोतवाली पहुंचा, तो उसे कोतवाली शहर के मुख्य गेट पर ही बेरहमी से पीट दिया गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, वहीं कोतवाली के बाहर पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ठेले पर शराब पीने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, कोतवाली देहात क्षेत्र के बढ़ेयन पुरवा निवासी नन्हे गुप्ता पुत्र सत्यपाल गुप्ता कोतवाली शहर क्षेत्र के डीएम चौराहे पर, बैंक ऑफ इंडिया और एएसपी आवास के पास फल का ठेला लगाते हैं। पीड़ित नन्हे के अनुसार, आजादनगर निवासी राजेश गुप्ता अपने साथियों के साथ अक्सर उनके ठेले पर जूस पीने आता था और जूस पीने के दौरान खुलेआम शराब भी पीता था। करीब 15 दिन पहले जब नन्हे ने इसका विरोध करते हुए उन्हें ठेले पर शराब पीने से मना किया और दूसरी जगह जाने को कहा, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
कोतवाली गेट पर 15-20 लोगों ने बोला हमला
पीड़ित का आरोप है कि शनिवार (10 अक्टूबर) को आरोपी फिर से पहुंचे और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद नन्हे ने डायल 112 पर सूचना दी और इसके बाद खुद शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया। आरोप है कि जब वह कोतवाली में था, तभी 15 से 20 की संख्या में पहुंचे दबंगों ने उसे कोतवाली के गेट पर ही घेर लिया और लात-घूंसों से पीटकर फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल फल विक्रेता को इलाज के लिए तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और थाने के बाहर कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।



