नई दिल्ली (रिपोर्ट: सन्नी धीमान): दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेताओं पर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुजफ्फरनगर से सपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हरेंद्र मलिक तथा चरथावल सीट से विधायक पंकज मलिक को पुलिस ने जनपथ रोड पर रोककर हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सपा नेता अपने समर्थकों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान भारी पुलिस बल ने जनपथ रोड पर बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस के साथ हल्की बहस के बाद सांसद और विधायक दोनों को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठा लिया गया।
हिरासत में लिए जाने के दौरान सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने आरोप लगाया कि प्रशासन लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘वोट चोरी’ के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को पुलिस बल के दम पर चुप कराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन पार्टी जनहित के मुद्दों पर अपना विरोध जारी रखेगी। इस घटना के बाद सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।



