Mansa, Punjab (13 अक्टूबर 2026): पंजाब के मानसा में मंगलवार सुबह नशीली दवाओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले मशहूर एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप एक मेडिकल स्टोर संचालक पर लगा है, जिसने बहस के दौरान झोटा पर गोलियां चला दीं। इस घटना में झोटा का एक साथी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है।
मेडिकल स्टोर में सवाल-जवाब के दौरान हुआ विवाद
शुरुआती जांच के अनुसार, परविंदर झोटा को सूचना मिली थी कि उक्त मेडिकल स्टोर से एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीली दवाएं बेची जा रही हैं। झोटा जब अपने साथी के साथ मेडिकल स्टोर पहुंचे और संचालक से सवाल-जवाब करने लगे, तो दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। आरोपी संचालक घटना के बाद मेडिकल स्टोर बंद कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं झोटा के घर समर्थकों का भारी जमावड़ा लगने लगा है।
फेसबुक लाइव पर कैद हुई पूरी घटना
घटना के समय परविंदर झोटा फेसबुक पर लाइव (Facebook Live) थे। वायरल वीडियो में झोटा दुकानदार से सवाल करते, सीसीटीवी फुटेज मांगते और पास मौजूद लोगों से डीएसपी को सूचित करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। लगभग चार मिनट तक चली कहासुनी के बाद फोन जमीन पर गिर गया और लाइव रुक गया। इसी दौरान मेडिकल संचालक ने कथित तौर पर गोलियां चला दीं।
पंजाब में नशे के खिलाफ चर्चित चेहरा थे झोटा
परविंदर झोटा मानसा और आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थों की बिक्री और मेडिकल स्टोरों से नशीली गोलियों के अवैध व्यापार के खिलाफ लंबे समय से मुहिम चला रहे थे। वह साल 2023 में तब सुर्खियों में आए थे, जब उन पर एक मेडिकल संचालक को कथित रूप से जूतों की माला पहनाकर घुमाने का आरोप लगा था। इस मामले में उन पर गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था और जुलाई 2023 में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।



