Amethi, UP (14 October 2026): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में एक बड़ी हलचल देखने को मिली है। अमेठी के गौरीगंज में आयोजित भव्य सदस्यता ग्रहण समारोह में समाजवादी पार्टी (सपा) के तीन बागी विधायकों—राकेश प्रताप सिंह (गौरीगंज, अमेठी), अभय सिंह (गोसाईगंज, अयोध्या) और विनोद चतुर्वेदी (कालपी, जालौन)- ने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया है।
बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की गरिमामयी मौजूदगी में तीनों नेताओं को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा की आधिकारिक सदस्यता दिलाई गई।
राज्यसभा चुनाव के बाद से ही बढ़ गई थी दूरियाँ
गौरतलब है कि इन तीनों विधायकों ने राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से अलग हटकर बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान (क्रॉस वोटिंग) किया था। इसके बाद से ही इनकी समाजवादी पार्टी से दूरियां बढ़ गई थीं। अब औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल होने के साथ ही अवध से लेकर बुंदेलखंड क्षेत्र तक के राजनीतिक समीकरणों में बड़ा फेरबदल माना जा रहा है।
‘सनातन और विकास के लिए लिया निर्णय’
पार्टी में शामिल होने के बाद मंच से बोलते हुए नेताओं ने अपने निर्णय को राष्ट्रहित, सनातन धर्म की रक्षा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जोड़ा:
अभय सिंह ने कहा, “हम सनातन और भगवान राम के सम्मान के लिए बीजेपी के साथ आए हैं। जो राम का विरोध करेगा, हम उसके विरोधी हैं।”
राकेश प्रताप सिंह ने कहा, “राष्ट्र और राम की नीति पर चलते हुए हमने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।”
अमेठी में हुए इस बड़े घटनाक्रम के दौरान बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और भारी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।



