Jaipur, Rajasthan (14 October 2026): राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बुधवार को जयपुर में एक ओर जहां वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना, वहीं दूसरी ओर सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल पहुंचकर वहां भर्ती वरिष्ठ संघ प्रचारक कृष्ण अवतार के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
राजेन्द्र राठौड़ के जल्द स्वस्थ होने की कामना
कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ बुधवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के जयपुर स्थित निवास स्थान पहुंचे। उन्होंने राजेंद्र राठौड़ से आत्मीय भेंट की और उनके स्वास्थ्य का ब्योरा लिया। मंत्री राठौड़ ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए उनके शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होने और पुनः उसी ऊर्जा के साथ जनसेवा के कार्यों में सक्रिय होने की कामना की।
SMS अस्पताल पहुंचे कर्नल राज्यवर्धन; संघ प्रचारक का जाना हाल
इसके पश्चात कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ सीधे SMS अस्पताल पहुंचे, जहां वरिष्ठ संघ प्रचारक कृष्ण अवतार का उपचार चल रहा है। उन्होंने अस्पताल में कृष्ण अवतार से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति जानी। इस दौरान उन्होंने इलाज कर रहे वरिष्ठ चिकित्सकों से उपचार की प्रगति और स्वास्थ्य सुधार के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
‘दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई’
वरिष्ठ संघ प्रचारक से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था पर कहा:
“सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए वरिष्ठ संघ प्रचारक कृष्ण अवतार जी के शीघ्र स्वस्थ होने और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की।



