New Delhi: मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। फिलिस्तीनी संगठन हमास ने दावा किया है कि उसके राजनीतिक प्रमुख खलील अल-हय्या (Khalil al-Hayya) के बेटे इज़्ज़ अल-दीन (Izz al-Din) इसराइली हमले में बाल-बाल बच गए हैं। हमास ने इसे उनकी हत्या की एक सुनियोजित कोशिश करार दिया है।
इसराइली हवाई हमले में परिवार सुरक्षित
बीबीसी अरबी की रिपोर्ट और समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में हमास के वरिष्ठ नेता बासिम नईम ने इस घटना की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, शुक्रवार तड़के हुए एक भीषण हवाई हमले में इज़्ज़ अल-दीन और उनका परिवार सुरक्षित बच निकलने में कामयाब रहा।
हमास के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार:
- इस हमले में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें इज़्ज़ अल-दीन की पत्नी भी शामिल हैं।
- राहत की बात यह है कि इस हमले में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई है।
- शुक्रवार के इस हमले में खलील अल-हय्या के एक पहले मारे जा चुके बेटे के परिवार के सदस्य भी सुरक्षित बच गए हैं।
निशाना बना था रिहायशी अपार्टमेंट
हमास ने अपने आधिकारिक बयान में आरोप लगाया है कि इसराइली सेना ने एक रिहायशी अपार्टमेंट को खासतौर पर निशाना बनाकर हमला किया था। संगठन ने इस घटना को इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ द्वारा खलील अल-हय्या को दी गई हालिया धमकियों से जोड़कर देखा है।
बासिम नईम ने जानकारी दी कि इज़्ज़ अल-दीन का जन्म 1997 में हुआ था और वह इस समय खलील अल-हय्या के इकलौते जीवित बेटे हैं। इससे पहले इसराइली सेना संघर्ष के दौरान खलील अल-हय्या के चार अन्य बेटों को अपनी कार्रवाई में मार चुकी है।
इसराइल की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार
इस पूरे घटनाक्रम पर फिलहाल इसराइली सेना (IDF) की तरफ से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है। हालांकि, इसराइली सेना ने इतना जरूर कहा है कि वह मीडिया में आई इन खबरों और मामले की जांच कर रही है।



