New Delhi (11 October 2026): विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में दिल्ली की सड़कों पर उतरीं ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को पुलिस ने एक बार फिर एहतियातन हिरासत में ले लिया है। रविवार को नेहा बोरा अपने समर्थकों के साथ राजधानी के आरके आश्रम मार्ग पर विरोध-प्रदर्शन करने पहुंची थीं, जहाँ से पुलिस ने उन्हें और उनके कई साथियों को हिरासत में भेज दिया।
इंस्टाग्राम वीडियो जारी कर बदली रणनीति
रविवार के प्रदर्शन के लिए नेहा बोरा ने अपनी रणनीति बदलते हुए अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो संदेश के माध्यम से उन्होंने समर्थकों को प्रदर्शन का समय और सटीक स्थान (R.K Ashram Marg) बताकर वहाँ जुटने की अपील की थी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पुलिस से बचते हुए प्रदर्शनकारियों के साथ भागते और नारेबाजी करते देखा जा सकता है।
दिल्ली हाट से लेकर आरके आश्रम तक लगातार हिरासत
उल्लेखनीय है कि बीते 2 अक्टूबर से दिल्ली में एसआईआर के खिलाफ जारी छात्र और युवा आंदोलनों में नेहा बोरा एक प्रमुख चेहरा बनकर उभरी हैं। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस की कड़ी बैरिकेडिंग और पहरे के बीच शनिवार को भी उन्होंने अचानक ‘दिल्ली हाट’ पहुंचकर सबको चौंका दिया था, जहाँ से पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। रविवार को रिहा होने या चकमा देकर निकलने के बाद उन्होंने फिर से आरके आश्रम मार्ग पर मोर्चा संभाल लिया, जहाँ से पुलिस ने उन्हें पुनः हिरासत में ले लिया है।



