राजगीर, बिहार (रिर्पोट- कौसर आलम, 12 अक्टूबर 2026): – बिहार के खेल प्रेमियों के लिए एक ऐतिहासिक और खुशखबरी सामने आई है। नालंदा जिले के विश्व प्रसिद्ध राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर एवं क्रिकेट स्टेडियम के नए मैदान पर पहली बार घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं का भव्य आगाज हो गया है। रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने इन प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं का औपचारिक उद्घाटन किया। इस बहुप्रतीक्षित आयोजन से बिहार में खेल गतिविधियों को एक नया आयाम मिलने की उम्मीद है।
जनवरी 2027 तक चलेगा क्रिकेट का महाकुंभ, उत्तर प्रदेश से पहला मुकाबला
राजगीर स्टेडियम में 11 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 27 जनवरी 2027 तक विभिन्न राज्य स्तरीय और घरेलू क्रिकेट मुकाबले खेले जाएंगे। इस दौरान बिहार की टीम देश की कई नामी-गिरामी घरेलू टीमों से लोहा लेगी।
जारी शेड्यूल के मुताबिक, बिहार का पहला मुकाबला 11 से 14 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के खिलाफ शुरू हो चुका है। इसके बाद राजगीर के इस नए मैदान पर रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा:
शेड्यूल:-
19 से 22 अक्टूबर: बिहार बनाम गोवा
27 से 30 अक्टूबर: बिहार बनाम बड़ौदा
11 से 14 दिसंबर: बिहार बनाम तमिलनाडु
26 से 29 दिसंबर: बिहार बनाम सौराष्ट्र
17 से 20 जनवरी 2027: बिहार बनाम जम्मू-कश्मीर
24 से 27 जनवरी 2027: बिहार बनाम विदर्भ
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: स्टेडियम परिसर ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित
मैचों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड पर है। किसी भी तरह की सुरक्षा चूक से बचने के लिए राजगीर खेल परिसर और स्टेडियम के आसपास के पूरे क्षेत्र को मैच की अवधि के दौरान अस्थायी रेड जोन और ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है।
इस पाबंदी के तहत स्टेडियम के ऊपर ड्रोन, हॉट एयर बैलून, पैरामोटर, पैराग्लाइडर, पावर्ड हैंड ग्लाइडर या किसी भी प्रकार की गैर-पारंपरिक उड़ने वाली वस्तुओं के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। राजगीर में पहली बार इस स्तर के घरेलू मुकाबले होने से स्थानीय युवाओं और क्रिकेट फैंस में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अब सबकी निगाहें बिहार टीम के प्रदर्शन पर टिकी हैं।



