Budaun / UP (17 अक्टूबर 2026): बदायूं जिले की चर्चित बिल्सी विधानसभा सीट से आगामी चुनाव की तैयारी में जुटे क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ नेता ठाकुर रवि प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी (SP) का दामन थाम लिया है। उन्होंने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की उपस्थिति में विधिवत पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में ग्रहण की सदस्यता
ठाकुर रवि प्रताप सिंह के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के दौरान पार्टी का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, आंवला लोकसभा क्षेत्र के सांसद नीरज मौर्य, बदायूं से सांसद आदित्य यादव और सपा के बदायूं जिलाध्यक्ष आशीष यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बिल्सी और पूरे मंडल में बदला राजनीतिक समीकरण
ठाकुर रवि प्रताप सिंह के समाजवादी पार्टी में आने से बदायूं सहित पूरे बरेली मंडल के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि क्षत्रिय समाज में गहरी पैठ और मजबूत जनाधार रखने वाले ठाकुर रवि प्रताप सिंह के शामिल होने से बिल्सी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का सामाजिक और राजनीतिक समीकरण काफी मजबूत हो गया है। आगामी चुनावों के लिहाज से इसे बदायूं की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।



