शामली / यूपी (रिपोर्ट: हिमांशु शर्मा): आगामी आगामी नवरात्रों और त्योहारों के मद्देनज़र शामली जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। शनिवार शाम एडीजी भानु भास्कर अचानक शामली पहुँचे और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के मुख्य बाज़ारों में पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) की। इस दौरान उन्होंने बाज़ार में व्यापारियों और स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आम जनता को भयमुक्त माहौल का भरोसा दिलाया।
बाज़ारों में संवाद और हर रोज़ फुट पेट्रोलिंग के निर्देश
एडीजी भानु भास्कर ने अधिकारियों संग मुख्य बाज़ार में घूमकर व्यापारियों और आम नागरिकों से बातचीत की और उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं को जाना। उन्होंने नवरात्रों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एडीजी ने कहा कि त्योहारों तक हर रोज़ अलग-अलग सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार फुट पेट्रोलिंग की जाएगी ताकि पुलिस की सक्रियता दिखाई दे और आमजन में विश्वास मजबूत हो सके।
प्रसिद्ध हनुमान धाम में पूजा-अर्चना
व्यापारिक क्षेत्र में गश्त के बाद एडीजी प्रसिद्ध हनुमान टीला स्थित हनुमान धाम पहुँचे। यहाँ उन्होंने संकटमोचन बजरंगबली के दर्शन किए और मंदिर परिसर में स्थापित विभिन्न देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रों के अवसर पर प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जाए।
अंकित बालियान हत्याकांड पर बोले एडीजी
शामली के चर्चित अंकित बालियान हत्याकांड पर बयान देते हुए एडीजी भानु भास्कर ने स्पष्ट किया कि पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और मामले में कार्रवाई जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिलेगी। एडीजी के इस दौरे से पूरे जिले के पुलिस महकमे में हलचल तेज़ रही।



