नई दिल्ली: देश की चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर विपक्षी ‘INDIA’ गठबंधन का रुख और कड़ा हो गया है। गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर अपनी गंभीर चिंताएं जताईं। इस अहम बैठक के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि विपक्षी दल जल्द ही सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से भी मुलाकात करेंगे।
राष्ट्रपति ने मांगे सबूत, गठबंधन उपलब्ध कराएगा
राष्ट्रपति भवन में हुई बैठक के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि राष्ट्रपति ने उनके द्वारा उठाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों को खारिज नहीं किया है। राहुल गांधी ने कहा, “राष्ट्रपति जी ने हमसे इस मामले के सबूत मांगे हैं और गठबंधन जल्द ही उन्हें सारे सबूत सौंपेगा।”
बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जानकारी दी कि प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बताया कि नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए बैलेट पेपर (Ballot Paper) से चुनाव कराने की मांग दोहराई है। खरगे ने कहा कि राष्ट्रपति ने सभी नेताओं की बातों को बेहद ध्यान से सुना।
विपक्षी दल एक जुट: ममता बनर्जी और उमर अब्दुल्ला
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राष्ट्रपति का रुख सकारात्मक रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि INDIA गठबंधन के सभी घटक दल इस मुद्दे पर पूरी तरह एकजुट हैं। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत विपक्ष के कई शीर्ष नेता भी मौजूद रहे। गठबंधन का कहना है कि वे लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।



