कासगंज, यूपी /(रिपोर्ट: अशोक शर्मा): उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में मौसम के अचानक बदलने से एक बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली कासगंज क्षेत्र के किशोरपुरा गांव में खेत में काम कर रहे 57 वर्षीय किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है
मिली जानकारी के अनुसार, किशोरपुरा निवासी सत्यवीर (57) पुत्र नारायण सिंह शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे अपने धान के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। देखते ही देखते कड़कड़ाती आकाशीय बिजली सीधे सत्यवीर पर आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौके पर ही सांसें थम गईं।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



