नई दिल्ली: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच बड़ा रणनीतिक बदलाव देखने को मिला है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा जंतर-मंतर की बजाय दिल्ली हाट पहुंच गई हैं और उन्होंने अपने समर्थकों को भी वहीं जुटने का आह्वान किया है। यह कदम तब उठाया गया है जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शीर्ष नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और जंतर-मंतर को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
एक्स (X) पोस्ट से दिया संदेश: “आज दिल्ली हाट ही जंतर-मंतर है”
शनिवार को सुबह से ही यह सस्पेंस बना हुआ था कि कड़े सुरक्षा पहरे के बीच आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा कहां हैं। इस बीच उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए समर्थकों को नया ठिकाना बताया। उन्होंने लिखा, “आज दिल्ली हाट बन गया है जंतर-मंतर! वहीं मिलते हैं!”
नेहा बोरा के इस संदेश के सामने आते ही दिल्ली हाट परिसर और उसके आसपास प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा शुरू हो गया।
प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव भी प्रदर्शन में शामिल
दिल्ली हाट में हो रहे इस प्रदर्शन में नेहा बोरा के साथ सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण और जाने-माने सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव भी मौजूद दिखे। शीर्ष नेताओं की हिरासत और जंतर-मंतर पर भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद प्रदर्शनकारियों ने जगह बदलकर अपनी आवाज उठाना शुरू कर दिया है।
बीजेपी मुख्यालय के बाहर भी वामपंथी छात्रों का विरोध
एक तरफ जहां दिल्ली हाट में प्रमुख चेहरे एकजुट हुए हैं, वहीं दूसरी ओर वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय मुख्यालय के बाहर भी विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस इस नए घटनाक्रम के बाद अलर्ट मोड पर आ गई है और दिल्ली हाट के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।



