गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मां दुर्गा को विदाई देने निकले लोगों को जरा भी अंदाजा नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। बुधवार शाम गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद स्थित रजही चौराहे के पास हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग झुलस गए। हादसे में दो सगे भाइयों और उनके मौसेरे भाई की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, जंगल अयोध्या प्रसाद के चौहान टोला में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को बुधवार शाम करीब पांच बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। ट्रॉली पर प्रतिमा के साथ कई लोग सवार थे। इसी दौरान रजही चौराहे के पास ट्रॉली में लगी लोहे की लंबी रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई। देखते ही देखते ट्रॉली पर सवार लोग करंट की चपेट में आ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे में लकी (17), विक्की (18) और चंदन (21) की मौत हो गई। लकी और विक्की सगे भाई थे, जबकि चंदन उनका मौसेरा भाई था। तीनों की एक साथ मौत की खबर से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिन घरों में कुछ देर पहले तक उत्सव और उल्लास का माहौल था, वहां अब अपनों को खोने का दर्द और मातम पसरा हुआ है।
परिजनों के मुताबिक, रजही चौराहे के पास 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन नीचे की ओर लटक रही थी। उनका कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर सुबह से बिजली आपूर्ति बंद थी, लेकिन शाम करीब 4:30 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई। विसर्जन में शामिल लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बिजली आपूर्ति बंद कराकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। सभी घायलों को उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है।
CM योगी ने हादसे का लिया संज्ञान
गोरखपुर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मृतकों के परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
हादसे ने बिजली सुरक्षा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मां दुर्गा को श्रद्धा के साथ विदाई देने निकले परिवारों के लिए यह दिन कभी न भूलने वाला दुख बन गया। तीन युवकों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।



